नोएडा, इंपैक्ट लाइव टीम।
देश की राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा के सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति पोस्टमार्टम हाउस के डीप फ्रीजर वाले कक्ष में प्रवेश करता दिखाई देता है। वहां एक सफाईकर्मी और एक महिला के बीच आपत्तिजनक स्थिति का दृश्य कैद हुआ है। वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पोस्टमार्टम हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे यह स्पष्ट होता है कि वहां रखे शव सुरक्षित नहीं हैं और उनके साथ छेड़छाड़ करके महत्वपूर्ण साक्ष्य मिटाए जा सकते हैं। यह किसी भी मृत्यु से संबंधित जांच को प्रभावित कर सकता है।
वीडियो में दिख रहे सफाईकर्मी के बारे में जानकारी मिली है कि वह पहले दनकौर स्वास्थ्य केंद्र में तैनात था और इस वर्ष जून में उसकी ड्यूटी पोस्टमार्टम हाउस में लगाई गई थी। उस पर पहले भी ड्यूटी के बाद पोस्टमार्टम हाउस में शराब पीकर अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगा था। यह घटना न केवल पोस्टमार्टम हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि वहां काम करने वाले कर्मचारियों के आचरण पर भी गंभीर चिंता व्यक्त करती है। इस तरह की घटनाएं न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं और मृतकों के परिवारों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकती हैं।
आपको बता दें कि सफाई कर्मचारी के साथ जिस महिला का वीडियो वायरल हो रहा है, वह पोस्टमार्टम हाउस की स्टाफ नहीं है। क्योंकि इस पोस्टमार्टम हाउस में कोई महिला कर्मचारी की नियुक्ति नहीं है। इसलिए यह सबसे बड़ा सवाल है कि मुर्दाघर में इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हो सकती है कि कोई बाहरी आकर ऐसा गंदा काम कर सकता है। ऐसे में लोग नोए डा के पोस्टमॉर्टम हाउस पर सवाल खड़ा कर रहे हैं।