हैदराबाद: हैदराबाद के ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हौज़ इलाके में रविवार सुबह एक भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में 17 लोगों की जान चली गई, जिनमें 8 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। इस हादसे से जुड़ी एक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं—एक मां की जली हुई लाश मिली, जो आखिरी दम तक अपने चार बच्चों को बाहों में समेटे रही।
यह हादसा रविवार सुबह करीब 6:16 बजे हुआ, जब गुलजार हौज़ की एक रिहायशी और व्यवसायिक इमारत में आग लग गई। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर ज्वेलरी की दुकानें थीं और ऊपरी मंजिलों पर लोग रहते थे। आग नीचे दुकानों से शुरू होकर ऊपर की मंजिलों तक फैल गई। चूंकि इमारत में सिर्फ एक संकरी सीढ़ी थी, लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके और दम घुटने से कई लोगों की मौत हो गई।
दमकल विभाग की 11 गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। वहीं, 15 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और 10 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस हादसे का सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया जब राहत कार्य में लगे मीर जाहिद और मोहम्मद अजमत ने बगल की दीवार तोड़कर पहली मंजिल पर प्रवेश किया। वहां उन्हें एक महिला की जली हुई लाश मिली, जिसकी गोद में दो लड़कियां, एक लड़का और एक नवजात शिशु थे। महिला के हाथ में मोबाइल की टॉर्च जल रही थी—संभवतः धुएं में कुछ देखने की आखिरी कोशिश। यह दृश्य देखकर बचावकर्मी भी भावुक हो उठे। उन्होंने बताया, "शब्दों में बयां नहीं कर सकते कि वो मंजर क्या था।"
इस महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन उसने अपने आखिरी पलों में जो किया, वह हर मां की ममता की परिभाषा बन गया है। उसने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने बच्चों को सीने से लगाए रखा, शायद इस उम्मीद में कि उन्हें किसी तरह बचाया जा सके।
घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर लिखा, "हैदराबाद में आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत दुख हुआ। जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उन्हें संवेदनाएं।" प्रधानमंत्री राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।