इम्पैक्ट लाइव: मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह ने भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर एक बेहद आपत्तिजनक बयान दिया, जिससे राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हीं की बहन को भेजकर "ऐसी-तैसी" कर दी। यह टिप्पणी उन्होंने इंदौर के महू स्थित रायकुंडा गांव में रविवार को हलमा कार्यक्रम के दौरान दी थी, जिसका वीडियो मंगलवार को वायरल हो गया।
शाह ने यह भी कहा कि उन्होंने कपड़े उतार-उतार कर हमारे हिंदुओं को मारा और मोदी जी ने उनकी बहन को उनकी ऐसी की तैसी करने उनके घर भेजा। अब मोदी जी कपड़े तो उतार नहीं सकते, इसलिए उनकी समाज की बहन को भेजा कि तुमने हमारी बहनों को विधवा किया है तो तुम्हारे समाज की बहन आकर तुम्हें नंगा करके छोड़ेगी। देश का सम्मान और मान-सम्मान और हमारी बहनों के सुहाग का बदला तुम्हारी जाति, समाज की बहनों को पाकिस्तान भेजकर बदला ले सकते हैं।
शाह बोले- मोदी जी ने कहा था कि घर में घुसकर मारूंगा, जमीन के अंदर कर दूंगा। आतंकवादी तीन मंजिला घर में बैठे थे। बड़े बम से छत उड़ाई, फिर बीच की छत उड़ाई और अंदर जाकर उनके परिवार की ऐसी की तैसी कर दी। यह 56 इंच का सीना वाला ही कर सकता है।
वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने मंत्री विजय शाह को भोपाल बुलाकर फटकार लगाई, जिसके बाद उन्होंने सफाई दी कि उनके बयान को गलत संदर्भ में पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि यह बयान भारतीय सेना की ताकत और महिलाओं की भूमिका को लेकर था, न कि किसी समुदाय विशेष को निशाना बनाने के लिए।
मामला और गंभीर हो गया जब इंदौर हाई कोर्ट के निर्देश पर मानपुर पुलिस थाना में विजय शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई गंभीर धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। इनमें धारा 152, 196(1)(B) और 197(1)(C) शामिल हैं, जो देश की एकता, सार्वजनिक शांति और समुदायों के बीच सौहार्द को प्रभावित करने वाले कृत्यों से संबंधित हैं।