Sunday 14-Dec-2025

सुख से जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही: पीएम मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश

सुख से जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही: पीएम मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश

इम्पैक्ट लाइव टीम पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गुजरात के कच्छ जिले के भुज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पाकिस्तान को आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश दिया। उन्होंने पाकिस्तान की जनता और वहाँ के युवाओं से आतंकवाद के खिलाफ आगे आने की अपील की और साफ शब्दों में कहा, पाकिस्तान को आतंक की बीमारी से मुक्त करने के लिए पाकिस्तान की जनता को आगे आना होगा, वहाँ के युवाओं को आगे आना होगा। सुख-चैन की जिंदगी जियो, रोटी खाओ, वरना मेरी गोली तो है ही।इस बयान ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण रिश्तों को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।

प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर थे, जहाँ उन्होंने 53,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। भुज में आयोजित इस जनसभा में उन्होंने भारत की आर्थिक प्रगति और पाकिस्तान की स्थिति की तुलना करते हुए कहा, आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। लेकिन आपकी (पाकिस्तान) क्या स्थिति है? जिन्होंने आतंकवाद को बढ़ावा दिया, उन्होंने आपके भविष्य को बर्बाद कर दिया।

मोदी ने पाकिस्तान की सरकार और सेना पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पाकिस्तान में आतंकवाद को एक धंधा बना दिया गया है। यह उनकी रोटी का जरिया बन गया है। हमने उन्हें 15 दिन का समय दिया था कि वे आतंकवाद के खिलाफ कदम उठाएँ, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। इसके बाद मैंने हमारी सेना को खुली छूट दी।

प्रधानमंत्री ने हाल ही में हुए ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया, जिसमें भारतीय सेना ने 22 मिनट में पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। उन्होंने कहा, हमारी सेना की कार्रवाई इतनी जबरदस्त थी कि उनके हवाई ठिकाने अभी भी आईसीयू में हैं। हमने पहले ही कह दिया था कि हमारा निशाना आपके आतंकी ढांचे हैं, आपको बस चुप रहना था। लेकिन जब उन्होंने कुछ नहीं किया, तो हमारी सेना ने कार्रवाई की और पाकिस्तान को सफेद झंडा दिखाना पड़ा।

मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को भारत की भावनाओं का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, यह केवल सेना की कार्रवाई नहीं थी, बल्कि यह भारत की उस भावना का प्रतीक है, जो अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए हमेशा से तत्पर रही है।

Advertisement

impact add6

Advertisement

impact add1