बेंगलुरु, इंपैक्ट लाइव टीम।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रविवार को कहा कि वंदे भारत के बाद भारतीय रेलवे के नक्शे पर बहुत जल्द वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का संचालन शुरू किया जायेगा और इसकी अधिकतम गति 160 किलोमीटर होगी। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेन की तरह वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों का निर्माण भी स्वदेशी तकनीक से किया जा रहा है। इस ट्रेन में यात्री सुरक्षा के साथ लोको कैब को बेहतर बनाया गया है तथा लोको पायलट और अटेंडेट्स की सुविधाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है। इसके साथ ही यह ट्रेन टक्कर रोधी कवच प्रणाली से लैस है।
उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का डिजाइन और इसका इंटीरियर काफी आकर्षक और इसमें विश्वस्तरीय यात्री सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। इस ट्रेन में यूएसबी चार्जिंग प्रावधान के साथ एकीकृत रीडिंग लाइट, सार्वजनिक घोषणा और विजुअल इन्फॉर्मेशन प्रणाली, इनसाइड डिस्प्ले पैनल और सिक्योरिटी कैमरे तथा मॉड्यूलर पैंट्री की सुविधा है। इसके साथ ही दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ और शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त, फर्स्ट एसी डिब्बे में यात्रियों के लिए गर्म पानी के शॉवर की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी है।
रेल मंत्री ने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ट्रायल जल्द शुरू होने वाला है और उसके पश्चात इसे देश के विभिन्न रेल मार्गों पर संचालित किया जाएगा। वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को लंबे रेल रूट्स पर संचालित किया जाएगा और इस ट्रेन से भारत में लंबी दूरी की रेल यात्रा में क्रांति आने की उम्मीद है। वहीं वंदे भारत स्लीपर ट्रेन आराम, सुरक्षा और दक्षता के मामले में नए मानक स्थापित करेगी। अश्विनी वैष्णव ने उत्पादन इकाई का दौरा किया और वहां वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सेट के उत्पादन का निरीक्षण किया। उन्होंने वंदे भारत स्लीपर के उत्पादन में कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत की और उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस दौरान केंद्रीय रेल राज्य मंत्री वी सोमन्ना भी मौजूद रहे।