उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग की सिपाही भर्ती परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करके सेंध लगाने की योजना बनाने के आरोप में पुलिस ने विभिन्न जिलों से 122 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने एक बयान में बताया कि अभी तक प्राप्त सूचना के अनुसार, एटा से 15, मऊ, सिद्धार्थनगर व प्रयागराज से नौ-नौ, गाजीपुर से आठ तथा आजमगढ़ से सात लोगों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से अब तक 122 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बाद में अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में से कुछ के पास नकल की गलत पर्चियां मिली, कुछ लोग अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा दे रहे थे,जबकि कुछ लोगों ने अभ्यर्थियों से पैसा लिया था। यश के मुताबिक, यह गिरफ्तारियां 15 से 17 फरवरी की रात के बीच की गयी हैं।
डीजीपी कुमार ने खुद भी गोमती नगर के महामना मालवीय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज और जेएमडी पब्लिक हायर सेकेंडरी कॉलेज के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने कहा कि 17 और 18 फरवरी को दो पालियों में होने वाली परीक्षा में लगभग 48 लाख से अधिक अभ्यर्थी सम्मिलित हो रहे हैं। कुमार के मुताबिक, सभी अधिकारी भ्रमणशील रहे तथा परीक्षा बहुत सुचारू रूप से हुई । उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगरानी जारी है।
इससे पहले एटा जिले के अपर पुलिस अधीक्षक धनंजय कुशवाहा ने कहा, “हमने सिपाही भर्ती परीक्षा में अनुचित साधनों का उपयोग करने की योजना बनाने के लिए 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। कोतवाली पुलिस थाने की निगरानी टीम ने गिरफ्तारी की है।