तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में कथित तौर पर अवैध शराब पीने से कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई. वहीं 60 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गुरुवार को अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. सूत्रों के अनुसार मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है. कल्लाकुरिची के जिला कलेक्टर एमएस प्रशांत ने सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज करा रहे लोगों से मुलाकात की.
अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु के उत्तरी भाग में स्थित कल्लाकुरिची जिले में 88 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कम से कम 33 लोगों की मौत अवैध शराब के संदिग्ध सेवन के बाद हुई है. सरकार ने बताया कि के कन्नुकुट्टी (49) को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से जब्त लगभग 200 लीटर अवैध शराब में घातक मेथनॉल की मौजूदगी का पता चला है. मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने व्यापक जांच सुनिश्चित करने के लिए सीबी-सीआईडी जांच के आदेश दिए हैं.
वहीं राज्य सरकार ने कल्लाकुरिची के जिला कलेक्टर श्रवण कुमार जाटवथ का तबादला कर दिया है, जबकि पुलिस अधीक्षक समय सिंह मीना को निलंबित कर दिया गया है. कल्लाकुरिची जिले के निषेध शाखा के पुलिसकर्मियों सहित नौ अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.