Tuesday 05-May-2026

मोदी कैबिनेट में बिहार से गिरिराज, ललन सिंह और चिराग पासवान समेत 8 मंत्री होंगे शामिल, देंखे पूरी लिस्ट

मोदी कैबिनेट में बिहार से गिरिराज, ललन सिंह  और चिराग पासवान समेत 8 मंत्री होंगे शामिल, देंखे पूरी लिस्ट

नरेंद्र मोदी रविवार, 9 जून तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव 2024 का रिजल्ट 4 जून को जारी होने के बाद कई बैठकें हुई, जिसमें सरकार बनाने और मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा की गई। 7 जून को एनडीए के संसदीय दलों के नेता ने नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में बिहार से 8 चेहरे शामिल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को कैबिनेट मंत्रालय मिलना तय माना जा रहा है। जेडीयू सांसद ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर का कैबिनेट में शामिल होना तय है। वहीं ललन सिंह को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है, जबकि रामनाथ ठाकुर को राज्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाये जाने की तैयारी है। इसके अलावा बिहार बीजेपी से 4 चेहरे मंत्रिमंडल में शामिल हो रहे हैं। इनमें गिरिराज सिंह और नित्यानंद राय को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने जा रही है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर सांसद राज भूषण निषाद और राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे को भी मंत्रिमंडल में जगह देने की तैयारी है।

वहीं दूसरी आरे पूर्णिया से निर्दलीय निर्वाचित सांसद पप्पू यादव ने कहा कि हमें हिंदू-मुसलमान, जाति, धर्म, मजहब से ऊपर उठकर आने वाली पीढ़ी और नए भारत के लिए काम करना होगा। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। 10 साल में सिर्फ सेंटीमेंट पर जो नफरत और हिंदू-मुसलमान की राजनीति हुई वैसी राजनीति अब खत्म हो। अब एनडीए की सरकार है, हमें सत्ता और पार्टी के लिए नहीं बल्कि देश के लिए सोचना चाहिए।