Tuesday 03-Nov-2026

लखनऊ में रेप, शौचालय में खींच 8वीं की छात्रा से दरिंदगी; विरोध करने पर जमकर पीटा, जान से मारने की धमकी दी

लखनऊ में रेप, शौचालय में खींच 8वीं की छात्रा से दरिंदगी; विरोध करने पर जमकर पीटा, जान से मारने की धमकी दी

लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।

राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज में एक युवक ने कक्षा आठ की छात्रा को गांव के बाहर शौचालय में खींच लिया। विरोध पर उसे जमकर पीटा और जान से मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म किया। शोर सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने आरोपित को दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर आरोपित अभिषेक रावत के खिलाफ पॉक्सो, दुष्कर्म और मारपीट की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार अभिषेक गोसाईंगंज के रसूलपुर का रहने वाला है। वह समारोह में डीजे बजाता है। ग्रामीणों के मुताबिक गांव में एक शादी समारोह था, जिसमें अभिषेक डीजे बजाने आया था। देर रात वह गांव के बाहर टहल रहा था। किशोरी शौच के लिए निकली थी। इसी बीच अभिषेक ने किशोरी को पीछे से पकड़ लिया। धमकाते हुए उसे शौचालय में खींच ले गया। किशोरी के विरोध पर उसे जमकर पीटा। बदहवाश हो गई तो उसके साथ दुष्कर्म किया। इंस्पेक्टर गोसाईंगंज ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

impact add1

घटना के दौरान कुछ ग्रामीण पास से निकले। आहट सुनकर किशोरी ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपित अभिषेक भागने लगे। यह देख ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया। तब तक किशोरी के घरवाले भी आ गए। लोगों ने अभिषेक को जमकर पीट दिया। ग्राम प्रधान ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।