आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार की रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं आम आदमी पार्टी आरोप लगाया कि भारतीय जानता पार्टी (भाजपा) अरविंद केजरीवाल को झुकाने के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है लेकिन देश की जनता उनके साथ है।
इससे पहले अधिकारियों ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की एक टीम गुरुवार की शाम दिल्ली स्थित केजरीवाल के आवास पर पहुंची। टीम दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने से इनकार किए जाने के कुछ देर बाद पहुंची। आप नेता सौरभ भारद्वाज और आतिशी भी केजरीवाल के आवास पर पहुंचे, जहां की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
आप ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर सिलसिलेवार पोस्ट कर बताया कि दिल्ली के बेटे अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची ईडी! भाजपा को पता होना चाहिए कि आज पूरा देश जिस पहाड़ के समर्थन में खड़ा है, वह उस पहाड़ को हिलाने की कोशिश कर रही है। दिल्ली की जनता सब देख रही है। आज कोई चुप नहीं बैठेगा।
पार्टी ने आईस्टैंडविदकेजरीवाल के साथ पोस्ट किया कि अरविंद केजरीवाल को झुकाने के लिए भाजपा किसी भी स्तर तक गिर सकती है। पूरी दिल्ली समेत देश की जनता आज अपने नायक अरविंद केजरीवाल के साथ खड़ी है। आपकी ये तानाशाही नहीं चलेगी और हर घर से एक केजरीवाल निकलेगा। आप नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी 'एक्स' पर पोस्ट किया कि भाजपा की राजनीतिक टीम (ईडी) केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती...क्योंकि आप ही भाजपा को रोक सकती है.. सोच को कभी दबाया नहीं जा सकता।