नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने गुरुवार को कोरिया को 3-1 से हराकर हीरो एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में लगातार चौथी जीत दर्ज की। पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारत ने चीन को 3-0 से, जापान को 5-0 और मलेशिया को 8-1 से हराया था। बता दें, भारत टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुका है।
भारत ने 8वें मिनट में अरिजीत सिंह हुंडल के गोल से अपना खाता खोला और फिर अगले ही मिनट हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी कॉर्नर ने गोल की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद 30वें मिनट में कोरिया की ओर से पलटवार हुआ और यांग ने गोल दाग दिया। पहले हॉफ तक भारत 2-1 से आगे था। दूसरे हॉफ में हरमनप्रीत ने एक और गोल दागा और 3-1 हो गया। मैच खत्म होने तक यही अंतर बरकरार रहा और भारत ने बाजी मारते हुए लगातार चौथी जीत हासिल कर ली।
इससे पहले मलेशिया ने गुरुवार को जापान के खिलाफ 5-4 से जीत दर्ज की। सैयद चोलन , नोर्स्याफिक सुमंत्रि , सियारमन मैट और कमाल अबू अजराई के गोलों की मदद से मलेशिया ने जीत हासिल करते हुए पाइंट्स टेबल में चौथा स्थान हासिल किया। बुधवार को अपने पिछले मैच में भारत से 1-8 से हारने के बाद टेबल में सबसे निचले स्थान पर मौजूद मलेशिया को सेमीफाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए हर हाल में जीतना था।