लखनऊ, इंपैक्ट लाइव रिपोर्टर।
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने भ्रष्टाचार में लिप्त सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की है। फिरोजाबाद के तहत सिरसागंज तहसील में गलत तरीके से भूमि का विक्रय करने, संदिग्ध रूप से अपने करीबियों को जमीन दिलाने के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए सरकार ने उप जिलाधिकारी विवेक राजपूत, नायब तहसीलदार नवीन कुमार, राजस्व निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह, लेखपाल अभिलाष सिंह व पेशकार प्रमोद शाक्य को निलंबित कर दिया है।
जांच के लिए गठित कमेटी की अनुशंसा के बाद यह कार्रवाई की गई है। शासन की ओर से डीएम को इनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ एफआईआर कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सतर्कता विभाग की ओर से इनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की जांच के भी निर्देश हैं।
क्या है पूरा मामला?
उपजिलाधिकारी, फिरोजाबाद विवेक राजपूत द्वारा सिरसागंज तहसील में तैनाती के दौरान जून 2024 में ग्राम रुधैनी की जमीन से जुड़े एक मामले की सुनवाई करते हुए अवर न्यायालय द्वारा पारित आदेश को खारिज कर संदिग्ध रूप से आदेश पारित किया गया। आदेश के पांच दिन के अंदर पद का दुरुपयोग करते हुए भूमि अपने गृह जनपद के निवासियों एवं अन्य सगे संबंधियों को दिला दी गई। इस मामले में प्रथम दृष्टया उत्तरदायी पाते हुए उत्तर प्रदेश शासन ने उन्हें निलंबित कर दिया।