लखनऊ, इंपैक्ट लाइव टीम।
नफासत और नजाकत के शहर कहे जाने वाले लखनऊ में बारिश के दौरान सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने अभी तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और बाकियों की तलाश जारी है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों पर भी एक्शन लिया है। स्थानीय पुलिस आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। इसके अलावा स्थानीय प्रभारी निरीक्षक, चौकी इंचार्ज और चौकी पर मौजूद समस्त पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
दरअसल, बुधवार को हुई मूसलाधार बारिश में लखनवी तहजीब भी बह गई। दोपहर से ही शहर में तेज बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गईं जिससे पुलिस नदारद हो गई। इसका फायदा उठा कर ताज होटल के सामने 50 से 60 की संख्या में जुटे युवकों ने राहगीरों को परेशान करना शुरू कर दिया। इस रास्ते से जो भी गुजरा, उसकी बाइक पर पानी उछाला। पीछे से बाइक पकड़कर जबरन रोककर अभद्रता की। कई दोपहिया सवारों को जबरन पानी में धकेल दिया।
इस बीच एक बाइक से जा रही युवती पर हुड़दंगी पानी फेंकने लगे। जब बाइक सवार नहीं रुका तो पीछे से टी-शर्ट पकड़कर युवती को पानी में गिरा दिया। युवती के साथ मौजूद युवक के विरोध पर उसे भी धक्का देकर बाइक समेत पानी में गिरा दिया। राहगीरों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाला तो पुलिस की नींद टूटी। करीब डेढ़ घंटे तक चले हुड़दंग के बीच सामाजिक परिवर्तन स्थल से ताज होटल की तरफ जाने वाले पुल पर भीड़ जमा हो गई। जिस जगह पर हुड़दंगी थे, उससे चंद कदम की दूरी पर ही अंबेडकर उद्यान चौकी भी है। पुलिस से मदद नहीं मिलने पर राहगीरों ने वीडियो एक्स पर वायरल कर दिया। ऐसे कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें राहगीरों से युवक अभद्रता कर रहे हैं।