Saturday 09-May-2026

दिल जीतने में विश्वास करती है भाजपा, कश्मीर में कमल खुद ही खिलेगा: अमित शाह

दिल जीतने में विश्वास करती है भाजपा, कश्मीर में कमल खुद ही खिलेगा: अमित शाह

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जम्मू कश्मीर में सबसे ज्यादा फर्जी मुठभेड़ और युवाओं पर गोलीबारी की घटनाएं उनके शासन के दौरान हुईं। शाह ने प्रतिद्वंद्वी दलों के इस आरोप को खारिज किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कश्मीर के लोगों के कल्याण से अधिक रुचि वहां की जमीन में है। शाह ने कहा कि भाजपा को कोई जल्दी नहीं और पार्टी लोगों का दिल जीतने में विश्वास करती है और इससे अंतत: कमल पूरी घाटी में खिलेगा। कमल भाजपा का चुनाव चिह्न है।

चुनावी रैली को संबोधित करते हुए शाह ने यह भी कहा कि जम्मू कश्मीर में विधानसभा चुनाव उच्चतम न्यायालय द्वारा निर्धारित तिथि (30 सितंबर) के अनुसार होंगे। मंत्री ने कहा, इस पर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी ने कश्मीर के युवाओं का शोषण किया। उन्होंने कहा, कि इन तीन दलों ने जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र को बढ़ने नहीं दिया। सुरक्षा के बहाने हमारे कश्मीरी युवाओं का शोषण किया गया। मैं (नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष) फारूक अब्दुल्ला और पीडीपी से पूछना चाहता हूं, जिनके शासन में सबसे ज्यादा फर्जी मुठभेड़ हुए, ये तीन पार्टियां हैं जिन्होंने कश्मीर के बच्चों पर गोली चलाई और उनके हाथ में बंदूक थमायी?

गृह मंत्री ने कहा कि हालांकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त करने के बाद आतंकवाद, पथराव और पाकिस्तान प्रायोजित हमलों को खत्म करके शांति बहाल की और विकास सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा, मोदीजी ने जम्मू कश्मीर में शांति बहाल की। पिछले 70 वर्षों से आतंकवाद और आंदोलन के कारण जम्मू कश्मीर पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, मोदी ने आतंकवाद, फर्जी मुठभेड़, पथराव और पाकिस्तान प्रायोजित हमलों को खत्म करने के लिए कदम उठाये, जिससे जम्मू कश्मीर में विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ।

भाजपा के प्रतिद्वंद्वी दलों ने लोगों से भाजपा और उससे जुड़े संगठनों को वोट न देने के लिए कहा है और उनका दावा है कि सत्तारूढ़ दल को कश्मीर के लोगों के कल्याण से अधिक रुचि कश्मीर की जमीन में है। शाह ने कहा, मैं कश्मीरी युवाओं के बीच पैदा की जा रही इन गलतफहमियों को दूर करना चाहता हूं कि भाजपा कश्मीर की जमीन जबरदस्ती छीनना चाहती है। भाजपा उन लोगों में से नहीं है जो जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करते हैं, बल्कि वह लोगों का दिल जीतने में विश्वास करती है।