समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल के मंगलवार को हुए पहले मंत्रिमंडल विस्तार पर तंज करते हुए बुधवार को कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इतनी घबराई हुई है कि अगर उसे लगे कि उसको आगामी लोकसभा चुनाव में फायदा होगा तो वह मंत्रिमंडल का एक और विस्तार कर सकती है।
हाल ही में दिवंगत हुए संभल से पार्टी सांसद शफीक-उर-रहमान बर्क के दसवें से जुड़ी रस्म में शिरकत करने आए यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में मंत्रिमंडल के विस्तार से जुड़े एक सवाल पर कहा कि अगर उन्हें (भाजपा) पता चले कि वे ज्यादा वोट हासिल कर सकते हैं तो वे एक और (मंत्रिमंडल) विस्तार कर देंगे।
उन्होंने कहा कि ये लोग (भाजपा) इतने घबराए हुए हैं कि अगर उन्हें पता चले कि हमारे एक पत्रकार मित्र को मंत्री बना दिया जाए तो इससे दो लोकसभा सीटें जीतने में मदद मिल सकती है, तो वे उसे भी मंत्री बना देंगे। यह मंत्रिमंडल विस्तार जनता की सेवा के लिए नहीं किया गया है और जनता इसे पूरी तरह समझ रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि नये मंत्रियों ने ही शपथ ली है, जल्द ही चुनाव की घोषणा हो जाएगी, वे सिर्फ मंत्री बने रहेंगे और काम नहीं कर पाएंगे।
बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार के तहत मंगलवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, भाजपा विधान परिषद सदस्य दारा सिंह चौहान, भाजपा विधायक सुनील शर्मा और भाजपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल के विधायक अनिल कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली थी।