Saturday 02-May-2026

भाजपा ने वोटबैंक को बिखरने से बचाने के लिए आडवाणी को भारत रत्न दिया : अखिलेश यादव

भाजपा ने वोटबैंक को बिखरने से बचाने के लिए आडवाणी को भारत रत्न दिया : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने वोटबैंक को बिखरने से बचाने के लिए ये सम्मान दिया। सपा प्रमुख यादव ने कहा, यह भारत रत्न अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है। यह सम्मान में नहीं दिया जा रहा है। यह सम्मान (भारत रत्न मिलना) तो है खैर, लेकिन अपने वोट को बांधने के लिए दिया जा रहा है।

विपक्षी गठबंधन इंडिया में सीटों के बंटवारे को लेकर उन्‍होंने कहा कि सीटों के बंटवारे को लेकर जिस स्तर पर बात होनी चाहिए, हो चुकी है तथा उनको जानकारी भी दी जा चुकी है। यादव ने कहा, सीटों के बंटवारे को लेकर लगभग सहमति बन चुकी है। जीत और सीट के हिसाब से सीटों का बंटवारा होगा।

उन्होंने कहा, कांग्रेस आलाकमान से उनकी बात हो चुकी है, सीटों के बंटवारे को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने को लेकर कहा कि अभी तक उनको न्योता नहीं मिला है, कई बार ऐसा हुआ है कि जब कार्यक्रम खत्म होने पर उनको बुलाया गया है। पूर्व मुख्‍यमंत्री ने नीतीश कुमार के राष्‍ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने पर कहा कि भाजपा ने जाने कौन सा जादू कर दिया कि वह राजग में शामिल हो गए।