Saturday 09-May-2026

भाजपा ऐसा व्यवहार कर रही, मानो उसके पास भगवान राम की एजेंसी और राम मंदिर का पट्टा हो: नकुलनाथ

भाजपा ऐसा व्यवहार कर रही, मानो उसके पास भगवान राम की एजेंसी और राम मंदिर का पट्टा हो: नकुलनाथ

कांग्रेस सांसद नकुल नाथ ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धर्म को राजनीतिक मंच पर लाने और ऐसा प्रतीत कराने का आरोप लगाया जैसे कि उसके पास '' भगवान राम की एजेंसी और राम मंदिर का पट्टा'' हो। पिछले लोकसभा चुनाव में नकुल मध्य प्रदेश से कांग्रेस के एकमात्र विजेता उम्मीदवार थे।

वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल छिंदवाड़ा लोकसभा सीट से जीतने में कामयाब रहे थे और ऐसे में कांग्रेस ने उन्हें इस सीट से फिर से उम्मीदवार घोषित किया है। नकुल नाथ ने वंशवाद की राजनीति के बारे में भाजपा के बार-बार आरोपों पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। बेरोजगारी, महंगाई आदि के बारे में नहीं बल्कि वंशवाद की राजनीति के बारे में बात कर रहे हैं। वे अपनी पार्टी में वंशवादी राजनीति नहीं देखते हैं ।

अयोध्या स्थित राम मंदिर निर्माण के बारे में नकुल नाथ ने कहा कि भाजपा इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है और ऐसा प्रतीत करा रही है कि उनकी पार्टी के पास भगवान राम की एजेंसी और राम मंदिर का पट्टा है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए लोकसभा चुनाव से पहले एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी), सीएए (संशोधित नागरिकता अधिनियम) और अनुच्छेद 370 जैसे मुद्दे उठा रही है।