सोशल मीडिया पर एक वीडियो आने के बाद कांग्रेस को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा, जिसमें सोमवार को मध्य प्रदेश की मंडला लोकसभा सीट पर राहुल गांधी की रैली में एक बैनर पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते की तस्वीर दिखाई दे रही है। कांग्रेस ने जहां इस गड़बड़ी को मानवीय भूल बताया वहीं, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि विपक्षी दल ने चुनाव से पहले ही हार मान ली है।
कथित वीडियो में मंडला लोकसभा सीट के अंतर्गत सिवनी जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर धनोरा में दिन के आखिर में होने वाली रैली के मंच में पीछे लगे एक बैनर पर कुलस्ते की तस्वीर दिखाई गई। बाद में वीडियो में कार्यकर्ता केंद्रीय मंत्री की तस्वीर को केवलारी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रजनीश हरवंश सिंह की तस्वीर से ढकते नजर आए।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा उम्मीदवार कुलस्ते की तस्वीर लगाकर पहले ही हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा, यह कांग्रेस की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने अपनी जगह भाजपा उम्मीदवार की तस्वीर लगा दी। उन्होंने चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर ली है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता के के मिश्रा ने बैनर में गड़बड़ी को मानवीय भूल करार दिया। उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, "भाजपा ने हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने की आदत बना ली है, भले ही वह मानवीय भूल ही क्यों न हो। हम भाजपा की ऐसी आदतों के बारे में कुछ नहीं कह सकते। गांधी मंडला से कांग्रेस उम्मीदवार, पूर्व मंत्री और डिंडोरी से मौजूदा विधायक ओंकार सिंह मरकाम के लिए एक रैली को संबोधित करेंगे।