दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (आप) को निशाना बनाने के लिए एक नई साजिश रची है और हरियाणा सरकार के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी में पानी की आपूर्ति रोक दी है। आप नेता के आरोप पर भाजपा या हरियाणा सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही भाजपा आप को निशाना बनाने की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के पांच दिनों के अंदर ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया गया जिससे आप चुनाव-प्रचार न कर सके। अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद भाजपा ने उन्हें फंसाने के लिए पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल का इस्तेमाल किया लेकिन उनकी यह साजिश भी विफल हो गई।
आतिशी ने आरोप लगाया कि फिर उन्होंने पार्टी को विदेशी फंडिंग का पुराना मुद्दा उठाया और अब अपनी हरियाणा सरकार के माध्यम से भाजपा ने दिल्ली को यमुना के पानी की आपूर्ति रोक दी है। आतिशी ने कहा कि यह मामला तब सामने आया जब उन्हें उन इलाकों से भी पानी की कमी की शिकायतें मिलनी शुरू हुईं, जहां पहले कभी लोगों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। आतिशी ने कहा कि वह बुधवार को ही हरियाणा सरकार को पत्र लिखेंगी। अगर उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई तो वह इस मुद्दे के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगी।