प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगी और यहां तक की संसद में विपक्षी नेता भी कह रहे हैं कि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 से अधिक सीट मिलेंगी। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में आदिवासी समुदाय के सदस्यों की एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस आदिवासी विरोधी है और उन्हें केवल चुनाव के समय ही गांव, किसान और गरीब याद आते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने देश के दक्षिण में भगवान राम से जुड़े मंदिरों का दौरा किया तो उन्हें लोगों से जबरदस्त प्यार मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कांग्रेस और उसके सहयोगी फूट डालने की अपनी आखिरी रणनीति का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब सत्ता में रहती है तो लोगों को लूटने का काम करती है और जब सत्ता से बाहर होती है तो भाषा, क्षेत्र और जाति के आधार पर (समाज में) बांटने का काम करती है। लूट और फूट कांग्रेस का ऑक्सीजन है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि चूंकि वह आदिवासियों और गरीबों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं इसीलिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेता उन्हें अपशब्द बोलते हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन लोग कांग्रेस की सच्चाई जानते हैं और उसे उनके मकसद में कभी कामयाब नहीं होने देंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने ही पापों के दलदल में फंस चुकी है वह जितना निकलने की कोशिश करेगी उतना फंसेगी। उन्होंने कहा कि 2023 (विधानसभा चुनाव) में कांग्रेस की छुट्टी हो गई और आगामी लोकसभा चुनाव में इसका पूरा सफाया होना तय है।