Saturday 02-May-2026

भाजपा फिर से जीतेगी और ''सपा की गुंडागर्दी'' फिर से हारेगी : केशव प्रसाद मौर्य

भाजपा फिर से जीतेगी और ''सपा की गुंडागर्दी'' फिर से हारेगी : केशव प्रसाद मौर्य

समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को लेकर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने तीखा पलटवार करते हुए दावा किया कि भाजपा फिर से चुनाव जीतेगी और सपा की गुंडागर्दी फिर हारेगी।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्‍स' पर कहा, ''सपा मुखिया अखिलेश यादव जी ध्यान रखें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी भारत ही नहीं, विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। मौर्य ने इसी पोस्ट में कहा कि भाजपा 2014, 2017, 2019 और 2022 का चुनाव (लोकसभा-विधानसभा) जीती और अब 2024 में भी जीतेगी! सपा की गुंडागर्दी फिर हारेगी! मोदी जी का अपमान,नहीं सहेगा हिन्दुस्तान! फिर एक बार मोदी सरकार।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को सपा मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मोदी का नाम लिए बगैर इशारों में उनकी तुलना हिटलर से की थी। अखिलेश यादव ने कहा था कि जो लोग 2014 में (सत्ता में) आए थे, वे 2024 में (सत्ता से बाहर) जाने वाले हैं। कभी, 10 साल हिटलर का समय था। वह वहां 10 साल से ज्यादा नहीं रह सका। तो, अब इनके भी (स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर इशारा करते हुए) 10 साल भी पूरे हो गए हैं।
एडोल्फ हिटलर दो अगस्त 1934 से 30 अप्रैल 1945 तक जर्मनी का फ्यूहरर (नेता) था। वह 30 जनवरी 1933 से 30 अप्रैल 1945 तक जर्मनी का चांसलर रहा।