Friday 19-Jun-2026

खुद तो जीत गईं लेकिन कांग्रेस का सत्यानाश कर दिया, विनेश फोगाट की जीत पर बृजभूषण सिंह का तंज

खुद तो जीत गईं लेकिन कांग्रेस का सत्यानाश कर दिया, विनेश फोगाट की जीत पर बृजभूषण सिंह का तंज

गोंडा, इंपैक्ट लाइव टीम।

भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने मंगलवार को पहलवान विनेश फोगाट के हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विनेश की जीत मेरे नाम की ताकत का परिणाम है। कैसरगंज से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद सिंह ने नंदिनी नगर स्टेडियम में आयोजित छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारा नाम लेकर अगर वे (विनेश फोगाट) जीत गईं तो इसका मतलब हम महान आदमी हैं। बृजभूषण शरण सिंह ने विनेश का नाम लिये बगैर कहा कि वो खुद तो जीत गईं लेकिन कांग्रेस का सत्यानाश कर दिया।

यह पूछे जाने पर कि किसकी वजह से कांग्रेस का सत्यानाश हुआ? बृजभूषण शरण सिंह ने बिना नाम लिए विनेश फोगाट की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि उनका (विनेश) क्या है वो तो जीत ही जाएंगी। वो यहां (रेसलिंग) भी बेईमानी से जीत जाती थीं और अब वहां भी जीत गईं, लेकिन उस जीतने वाले के चक्कर में कांग्रेस पार्टी हार गई। ये जीतने वाले पहलवान नायक नहीं खलनायक हैं।

बृजभूषण शरण सिंह ने एग्जिट पोल को लेकर कहा कि 'एग्जिट पोल में दिख रहा था कि कांग्रेस की सरकार बन रही है लेकिन हरियाणा में एग्जिट पोल एकदम गलत साबित हुआ और वहां पर अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार बन रही है। वहीं, जम्मू कश्मीर के चुनाव में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि एक प्रयास वहां पर भारतीय जनता पार्टी ने सरकार बनाने का किया था जो प्रयास सफल नहीं हुआ है वहां का मौसम और माहौल कुछ दूसरा है जो भी जनता ने जनादेश दिया वह स्वीकार है।

impact add2

बता दें कि विनेश फोगाट उन पहलवानों में शामिल थीं जिन्होंने बृजभूषण शरण सिंह पर कई जूनियर महिला पहलवानों के यौन शोषण का आरोप लगाते हुए पिछले साल दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था। पहलवानों के आरोपों के बाद भारतीय कुश्ती जगत में उथल-पुथल मच गई थी। बीजेपी ने बृजभूषण सिंह का टिकट काटकर उनके बेटे को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया था। बृजभूषण पर यौन शोषण का मामला अभी तक कोर्ट में चल रहा है।