Tuesday 21-Apr-2026

महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, बाइक को बचाने में पलटी बस; 9 यात्रियों की मौत, ड्राइवर फरार

महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, बाइक को बचाने में पलटी बस; 9 यात्रियों की मौत, ड्राइवर फरार

मुंबई, इंपैक्ट लाइव टीम।

महाराष्ट्र से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। शुक्रवार को गोंदिया में भीषण बस दुर्घटना हुई है। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। हादसे में घायल कई लोगों की हालत गंभी बताई गई है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तरफ से हादसे के पीड़ितों को 10 लाख रुपये की तत्काल सहायता देने का ऐलान किया गया है। घटना के पीछे की वजह बाइक को बचाने के चक्कर में बस का अनियंत्रित होना बताया गया है।

जानकारी के अनुसार गोंदिया-कोहमारा स्टेट हाई-वे पर खजरी गांव के करीब बाइक को बचाने के चक्कर में शिवशाही बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई। बस के पलटने से कुछ लोग उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में पलटने वाली बस महाराष्ट्र सड़क परिवहन निगम (MSRTC) की थी। ये बस भंडारा से साकोली लखानी होते हुए गोंदिया की ओर जा रही थी। बस के सामने टर्निंग सड़क थी और अचानक सामने से बाइक आ गई। बाइक चालक को बचाने के चक्कर में बस ड्राइवर ने कट मारा, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और पलट गई।

चश्मदीदों के अनुसार, बस ड्राइवर हादसे के बाद घटनास्थल से फरार हो गया। राहगीरों के सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को इलाज के लिए गोंदिया के जिला शासकीय अस्पताल (केटीएस) में भर्ती कराया। हादसे का शिकार हो चुकी बस को उठाने के लिए क्रेन की मदद ली गई और उसे वहां से हटाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

impact add3