कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा के बाद बुधवार को कहा कि ममता के बिना विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) की कल्पना नहीं की जा सकती। पार्टी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान असम के उत्तरी सलमारा में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने यह उम्मीद भी जताई कि पश्चिम बंगाल में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' एकसाथ चुनाव लड़ेगा।
रमेश ने कहा कि आपने ममता जी का पूरा बयान नहीं पढ़ा है। पूरा बयान है कि हम भाजपा को हराना चाहते हैं और भाजपा को हराने के लिए कोई कदम पीछे नहीं लेंगे। उसी भावना के साथ हम (भारत जोड़ो न्याय यात्रा) पश्चिम बंगाल में प्रवेश कर रहे हैं। उनका कहना था कि रास्ते में कभी कभी स्पीड ब्रेकर आ जाता है, कभी कभी लाल बत्ती आ जाती है। इसका मतलब यह नहीं है कि हम पीछे हट जाएं। कल यही सवाल राहुल जी से पूछा गया था और इस पर राहुल गांधी जी ने स्पष्ट उत्तर दिया था कि तृणमूल कांग्रेस और ममता जी 'इंडिया' गठबंधन का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।
उन्होंने कहा कि हम ममता जी के बिना 'इंडिया' गठबंधन की कल्पना नहीं कर सकते। 'इंडिया' गठबंधन पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव लड़ेगा और सभी (साझेदार) भाग लेंगे। रमेश ने कहा कि ममता बनर्जी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराना हम सभी की प्राथमिकता है।
कांग्रेस महासचिव ने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि जो बातचीत चल रही है उसमें बीच का रास्ता निकाला जाएगा और पश्चिम बंगाल में 'इंडिया' गठबंधन चुनाव लड़ेगा। उनके अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'इंडिया' गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' को लेकर निमंत्रण दिया है।