Thursday 30-Apr-2026

राहुल गांधी को बदलें, ईवीएम को नहीं; भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से कहा

राहुल गांधी को बदलें, ईवीएम को नहीं; भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से कहा

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की वजह से नहीं बल्कि इसके नेतृत्व के खराब प्रबंधन की वजह से करारी हार मिली और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कहा कि वह वोटिंग मशीन की जगह राहुल गांधी को 'बदलने' पर विचार करें।

ईवीएम पर कांग्रेस अध्यक्ष की हालिया टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधते हुए भाजपा के लोकसभा सदस्य और राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि खरगे यदि इवीएम, निर्वाचन आयोग, प्रवर्तन निदेशालय, केंद्रीय जांच ब्यूरो, न्यायपालिका और मोदी सरकार नहीं चाहते हैं तो राहुल गांधी को लेकर 'मंगल ग्रह' पर जा सकते हैं और वहां 'खुशी से' रह सकते हैं।

impact add3

संबित पात्रा ने कहा कि संविधान दिवस पर मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमें ईवीएम हटाना है और बैलेट पेपर वापस लाना है। मल्लिकार्जुन खरगे ईवीएम को साइड में रखें या न रखें, लेकिन जनता ने कांग्रेस को दरकिनार कर दिया है। इसमें कोई दो मत नहीं हैं। लगभग हर राज्य के चुनाव में कांग्रेस को दरकिनार कर दिया गया है। झारखंड में भी यही हुआ। आज कांग्रेस भारतीय जनता पार्टी के पीछे है। महाराष्ट्र में तो उसका पूरी तरह सफाया हो गया है। महाराष्ट्र में कांग्रेस केवल 16 सीटें लेकर आई। एक तरफ महाराष्ट्र में महायुति ने बहुत बड़ी जीत हासिल की है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस का सफाया हो गया है। इसलिए राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं के चेहरे पर हार की हताशा साफ दिख रही है।