Saturday 02-May-2026

यूपी बोर्ड पेपर लीक मामले में कॉलेज प्रबंधक गिरफ्तार

यूपी बोर्ड पेपर लीक मामले में कॉलेज प्रबंधक गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के आगरा में राज्य बोर्ड की इंटरमीडिएट के गणित और जीव विज्ञान विषय का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कॉलेज संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक पेपर लीक होने के मामले में रोझौली गांव स्थित अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह उर्फ हुड्डा, उनके बेटे कंप्यूटर ऑपरेटर विनय चौहान, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह और स्टेटिक मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी कॉलेज प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके बेटे की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक कि बुधवार अपराह्न दो बजे से शाम पांच बजकर 15 मिनट तक चलने वाली गणित और जीव विज्ञान की परीक्षा के दौरान अपराह्न करीब तीन बजे व्हाट्सएप पर प्रश्न पत्र लीक हो गया था।

पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी जोन) सोनम कुमार ने बताया कि परीक्षा के दौरान प्रश्न पत्र वायरल करने के मामले में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि अतर सिंह इंटर कॉलेज के प्रबंधक व प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है और उनके बेटे विनय की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं, जिसने पेपर लीक किया था।