कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने बुधवार को निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा पर नागपुर में चुनाव प्रचार के दौरान आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने आयोग को लिखे एक पत्र में प्रचार अभियान में बच्चों को शामिल करने के आरोप में नागपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार गडकरी और उनकी पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
लोंढे ने अपने पत्र के साथ, केंद्रीय मंत्री के समर्थन में नागपुर में हुई भाजपा की रैली का वीडियो भी संलग्न किया। हालांकि भाजपा ने चुनाव आचार संहिता के कांग्रेस के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि विपक्षी दल हताशा के चलते ऐसे मुद्दे उठा रहा है।
लोंढे ने दावा किया, “भाजपा और नागपुर से उसके उम्मीदवार नितिन गडकरी ऐसी गतिविधियों में संलिप्त हैं, जिनसे निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। चुनाव संबंधी गतिविधियों में बच्चों को शामिल करने पर प्रतिबंध के आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद, भाजपा और गडकरी प्रचार के लिए स्कूली बच्चों का इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि एक अप्रैल को नागपुर के वैशाली नगर में पार्टी की रैली के लिए भाजपा और गडकरी ने एक स्थानीय स्कूल के बच्चों का इस्तेमाल किया था।