Saturday 09-May-2026

कांग्रेस का आरोप, पीएम मोदी देश को बांटने के लिए उठा रहे हैं हिंदू-मुस्लिम मुद्दा

कांग्रेस का आरोप, पीएम मोदी देश को बांटने के लिए उठा रहे हैं हिंदू-मुस्लिम मुद्दा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि देश में वर्तमान में एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो उस पद के अनुरूप भाषा का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) देश को 'विभाजित' करने के लिए हिंदू-मुस्लिम मुद्दा उठा रहे हैं। खरगे विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा, जैसे ही वह (मोदी) अपना मुंह खोलते हैं, 'हिंदू मुस्लिम' कहते हैं। आपने पिछले 10 वर्षों में क्या किया? आप हमसे पूछते हैं कि हमने (कांग्रेस ने) 70 वर्षों में क्या किया, अब आप हमें अपने बारे में बताएं। वह जहां भी जाते हैं मंगलसूत्र, मटन और चिकन के बारे में बात करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से विवाद पैदा होता है। खरगे ने पीएम मोदी पर देश को भाषा, जाति और अन्य चीजों के आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी द्वारा फैलाए गए झूठ का कोई अंत नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री को हर साल दो करोड़ रोजगार सृजित करने के उनके वादे को याद दिलाया। खरगे ने यह जानना चाहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार ने पिछले 10 साल के शासन में कितनी नौकरियां सृजित की हैं। उन्होंने दावा किया कि 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन रिक्तियों को इसलिए नहीं भर रही है क्योंकि उनमें से 50 फीसदी नौकरियां अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लोगों को मिल जाएंगी। खरगे के मुताबिक, मोदी चाहते हैं कि स्थायी सरकारी नौकरियों से वंचित लोग दिहाड़ी मजदूर और संविदा कर्मी के रूप में काम करते रहें।