उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि वह आज भी चाहते हैं कि गांधी परिवार इस सीट से चुनाव लड़े लेकिन परिवार का जो आदेश हुआ, एक 'सेवक' के नाते उसे स्वीकार करना उनका धर्म है। किशोरी लाल शर्मा ने गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में 'कहा, मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं और एक सेवक को गांधी परिवार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे मैं निभाऊंगा। अमेठी में किशोरी लाल शर्मा का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से है।
किशोरी लाल ने एक सवाल के जवाब में कहा, मैं सेवक हूं और सेवक ही रहूंगा तथा यह सत्य है कि अमेठी में जंग एक भक्त और एक सेवक के बीच होगी। उन्होंने कहा, गांधी परिवार का अमेठी से पारिवारिक रिश्ता रहा है और आगे भी रहेगा, इसमें कोई शक नहीं है। मैं एक सेवक के रूप में आया हूं और सेवक के रूप में ही काम करूंगा। अमेठी का एक-एक कार्यकर्ता परिवार से जुड़ा है। कांग्रेस ने अमेठी में राजीव गांधी, सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी के प्रतिनिधि रह चुके किशोरी लाल शर्मा को प्रत्याशी बनाया है।
वहीं कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर किशोरी लाल शर्मा को बधाई दी। प्रियंका ने 'एक्स' पर कहा, किशोरी लाल शर्मा जी से हमारे परिवार का वर्षों का नाता है। अमेठी, रायबरेली के लोगों की सेवा में वह हमेशा मन-प्राण से लगे रहे। उनका जनसेवा का जज्बा अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा, ज खुशी की बात है कि किशोरी लाल जी को कांग्रेस पार्टी ने अमेठी से उम्मीदवार बनाया है। किशोरी लाल जी की निष्ठा और कर्तव्य के प्रति उनका समर्पण अवश्य ही उन्हें इस चुनाव ने सफलता दिलाएगा। उन्हें ढेर सारी शुभकामनायें।
फुरसतगंज हवाई अड्डे से सीधे गौरीगंज में कांग्रेस पार्टी के कार्यालय पहुंचकर प्रियंका गांधी ने कहा, हम एक बार फिर सच और सेवा की राजनीति लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ''ये लोग धन बल के जरिए चुनाव लड़ते हैं और हम जनता के बल पर चुनाव लड़ेंगे।'' उनका इशारा स्पष्ट रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तरफ था। उन्होंने कहा, अब पूरे देश को यह संदेश देने का समय आ गया है कि हम सेवा की राजनीति चाहते हैं।
प्रियंका गांधी ने कहा कि किशोरी लाल शर्मा ने 40 वर्षों तक दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में काम किया है। उन्होंने कहा, किशोरी जी यहां के लोगों के साथ-साथ क्षेत्र की समस्याओं को भी अच्छी तरह से जानते हैं। उन्होंने 40 वर्षों तक यहां काम किया है और इस चुनाव में आप उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे दिल से काम करेंगे।