गोंडा, इंपैक्ट लाइव टीम।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गुरुवार को चंडीगढ़ से डिब्रूगढ़ जा रही एक ट्रेन के आठ डिब्बे मोतीगंज तथा झिलाही रेलवे स्टेशनों के बीच पटरी से उतर गये। इस घटना में चार लोगों की मौत हो गयी तथा 20 अन्य घायल हो गये। राज्य के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत की खबर है।
वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ रेलगाड़ी लगभग ढाई बजे दोपहर में मनकापुर रेलवे स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर पहले बेकाबू हो गयी, जिससे कई डिब्बे पलट गए । उन्होंने बताया कि दुर्घटना होते ही यात्री जैसे तैसे निकलकर अपनी जान बचाने में जुट गये। फिलहाल डिब्बों से निकले करीब बीस यात्री बुरी तरह घायल है । प्रशासन को सूचना दी गयी है । आधिकारिक सूत्रों के अनुसार,मौके पर राहत व बचाव दल रवाना कर दिया गया है। घायलों को बाहर निकलवाने का कार्य स्थलीय संसाधनों से जारी है।
सीएम योगी ने जताया शोक
इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोण्डा में हुई ट्रेन दुर्घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त किया और जरूरी निर्देश दिये। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर योगी ने शोक संदेश में कहा कि जनपद गोण्डा में हुई ट्रेन दुर्घटना अत्यंत दु:खद है। प्रभु श्रीराम से घायलों के शीर्घ स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में जिला प्रशासन के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने और घायलों को शीर्ष प्राथमिकता के साथ अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के लिए निर्देश दिये।
दूसरी ओर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद उनकी सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है। अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी असम के डिब्रूगढ़ शहर आ रही ट्रेन के कम से कम चार डिब्बे दोपहर करीब 2:35 बजे मोतीगंज और झिलाही रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए।