Saturday 09-May-2026

हार के डर से नरेन्द्र मोदी अपने पद की गरिमा भूल गए हैं : राहुल गांधी

हार के डर से नरेन्द्र मोदी अपने पद की गरिमा भूल गए हैं : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव के बाद केंद्र में विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की सरकार बनने का भरोसा जताते हुए बुधवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हताश, निराश हैं और हार मान चुके हैं। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि इन चुनावों में हार के डर से मोदी अपने पद की गरिमा भूल गए हैं और अनर्गल बातें कर रहे हैं तथा दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस मंगलसूत्र, लोगों के घर के कमरे या भैंसें छीन लेगी।

राहुल गांधी ने 'एक्स' पर जारी पोस्ट में कहा, एक हताश, निराश और हारे हुए प्रधानमंत्री की बातें सुनिए: कांग्रेस आपके घर का कमरा छीन लेगी, कांग्रेस आपके गले का मंगलसूत्र छीन लेगी, कांग्रेस आपकी भैंस छीन लेगी। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी ऐसी बहकी-बहकी और झूठी बातें इसलिए कर रहे हैं, क्योंकि कांग्रेस उनकी 300 में से 150 से ज्यादा सीट छीनकर सरकार बना रही है। इस डर में मोदी, प्रधानमंत्री पद की गरिमा भूल 'झूठ की मशीन' बन गए हैं। उन्होंने कहा, 'इंडिया' की सरकार जनता से लेगी नहीं, उन्हें देगी- उतना ही पैसा जितना मोदी ने अपने अरबपति मित्रों पर लुटाया है। हमारी सरकार 'अडानियों' की नहीं 'हिंदुस्तानियों' की होगी।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करने के लिए धन्यवाद दिया कि कांग्रेस अगली सरकार बनाने की राह पर है। खेड़ा ने कहा, आज गुजरात में प्रधानमंत्री ने जोर-शोर से घोषणा की कि भाजपा एकमात्र पार्टी है जो 272 से अधिक सीट पर चुनाव लड़ रही है और उन्होंने कांग्रेस को चुनौती देते हुए दावा किया कि जब उसने 272 सीट पर उम्मीदवार भी नहीं उतारे हैं तो सरकार कैसे बनाएगी।