Saturday 02-May-2026

हार के डर से सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा पा रहे : केशव मौर्य

हार के डर से सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा पा रहे : केशव मौर्य

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि हार के डर से सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। वहीं सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मौर्य पर पलटवार करते हुए कहा कि वह (केशव) भाजपा के लिए अपशगुनी हैं, जहां भी जाते हैं, वहां भाजपा हार जाती है।

केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी बन चुकी है, जो 2024 चुनाव के बाद खोजने से भी नहीं मिलेगी। मौर्य ने कहा, अखिलेश यादव अपने चचा शिवपाल को प्रत्याशी बता रहे हैं तो चचा अपने बेटे को प्रत्याशी बता रहे हैं। ऐसी स्थिति सिर्फ बदायूं में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में है और हार के डर से सपा के प्रत्याशी चुनाव लड़ने का साहस नहीं जुटा पा रहे है।

सपा ने बदायूं लोकसभा क्षेत्र से पार्टी महासचिव शिवपाल सिंह यादव को उम्मीदवार घोषित किया है हालांकि बाद में कई सम्मेलनों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शिवपाल के पुत्र आदित्य यादव को उम्मीदवार बनाने का प्रस्ताव पारित किया। शिवपाल सिंह यादव ने पिछले दिनों आदित्य यादव के बदायूं से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।

शिवपाल ने पलटवार करते हुए कहा, केशव प्रसाद मौर्य भाजपा के लिए अपशगुनी हैं। वह जहां भी जाते हैं वहां भाजपा हार जाती है। शिवपाल ने घोसी विधानसभा क्षेत्र और मैनपुरी संसदीय क्षेत्र में हुए उपचुनावों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन दोनों जगहों पर केशव मौर्य प्रचार करने गए और सपा ने रिकॉर्ड जीत हासिल की। उन्होंने आरोप लगाया, आज सभी अपराधी और गुंडे सत्ता में बैठे हुए हैं और भाजपा के लोग प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) व केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के सहारे आतंक फैलाए हुए हैं और लोगों को डराया जा रहा है।