Saturday 09-May-2026

बीजेपी पर बयान देकर फंसी आप नेता आतिशी, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

बीजेपी पर बयान देकर फंसी आप नेता आतिशी, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

निर्वाचन आयोग ने दिल्ली की मंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी को शुक्रवार को 'कारण बताओ' नोटिस जारी किया और उनसे इस बयान का तथ्यों के साथ समर्थन करने को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पार्टी में शामिल होने के लिए उनसे संपर्क किया था।

भाजपा ने आतिशी के झूठे बयान के खिलाफ एक दिन पहले आयोग का रुख किया था कि पार्टी ने किसी करीबी के माध्यम से उनसे सम्पर्क करके उन्हें पार्टी में शामिल होने के लिए कहा था। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है, आप (आतिशी) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार में एक मंत्री हैं और एक राष्ट्रीय पार्टी की नेता हैं। सार्वजनिक मंच से नेताओं द्वारा जो भी कहा जाता है उस पर मतदाता विश्वास करते हैं और इस तरह से उनके द्वारा दिए गए बयान प्रचार विमर्श को प्रभावित करते हैं।

निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह अपेक्षा करता है कि आप नेता द्वारा दिए गए बयानों का एक तथ्यात्मक आधार होना चाहिए। उसने कहा, जब आपके द्वारा दिए गए बयान की सत्यता पर विवाद होता है तो आपको तथ्यात्मक आधार पर अपने बयानों का समर्थन करने में सक्षम होना चाहिए।

आप नेता आतिशी ने दो अप्रैल को दावा किया था कि भाजपा ने उनसे पार्टी में शामिल होने या एक महीने के भीतर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने के लिए तैयार रहने के लिए संपर्क किया था। उन्होंने कहा था, भाजपा ने मेरे एक बहुत करीबी व्यक्ति के माध्यम से मुझसे संपर्क किया, जिसने मुझे अपने राजनीतिक करियर को बचाने और बढ़ाने के लिए भाजपा में शामिल होने के लिए कहा, अन्यथा मुझे एक महीने के भीतर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

निर्वाचन आयोग ने आप नेता आतिशी को जारी नोटिस में उन्हें बताया कि आदर्श आचार संहिता और प्रासंगिक चुनावी कानूनों के प्रावधानों के आलोक में मामले की जांच की जा रही है। आप नेता को सोमवार दोपहर तक जवाब देने को कहा गया है। निर्वाचन आयोग के नोटिस में कहा गया है, इसलिए, अब आपसे इस मामले पर अपना जवाब देने के लिए कहा जाता है...।

आप नेता को राजनीतिक विमर्श के गिरते स्तर पर हालिया सलाह की भी याद दिलायी गई, जिसमें कहा गया था कि राजनीति दल और नेता तथ्यात्मक आधार के बिना गलत बयान या बात नहीं कहेंगे। निर्वाचन आयोग ने आचार संहिता के एक प्रावधान का भी उल्लेख किया जिसमें कहा गया है कि असत्यापित आरोपों के आधार पर अन्य दलों या उनके कार्यकर्ताओं की आलोचना से बचा जाना चाहिए।