Thursday 23-Apr-2026

ICC Test Ranking: ऋषभ पंत ने लगाई लंबी छलांग, विराट कोहली को भी पीछे छोड़ा

ICC Test Ranking: ऋषभ पंत ने लगाई लंबी छलांग, विराट कोहली को भी पीछे छोड़ा

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

ऋषभ पंत बुधवार को जारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की बल्लेबाजों के लिए टेस्ट रैंकिंग में अपने सुपरस्टार भारतीय साथी विराट कोहली को पीछे छोड़कर छठे स्थान पर पहुंच गये। पंत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 99 रन बनाए थे, जिससे उन्हें रैंकिंग में तीन स्थान का फायदा हुआ। दूसरी तरफ कोहली 70 रन बनाने के बावजूद एक पायदान नीचे आठवें स्थान पर खिसक गए हैं। इस लिस्ट में इंग्लैंड के जो रूट सबसे ऊपर हैं और उन्होंने अपनी बढ़त लगातार बनाए रखी है। विराट और पंत के अलावा टॉप-10 खिलाड़ियों में भारत के यशस्वी जायसवाल चौथे नंबर पर हैं।

बता दें कि बेंगलुरु में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली पारी में यशस्वी जयसवाल के अलावा ऋषभ पंत ही एकमात्र भारतीय बल्लेबाज थे, जो डबल डिजिट तक पहुंचे थे। मेजबान टीम के लिए यह सेशन एक बुरे सपने की तरह रहा, जिसमें भारत सिर्फ 46 रन पर ढेर हो गया था। पंत ने इस पारी में सिर्फ 20 रन ही बनाए थे, लेकिन इसके बाद भी यह भारतीय पारी का बेस्ट स्कोर था। पंत ने दूसरी पारी में 99 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन सिर्फ एक रन से शतक बनाने से चूक गए।

impact add6

रैंकिंग को लेकर अन्य बल्लेबाजों की बात करें तो रूट के हमवतन बेन डकेट पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 114 रन की पारी के दम पर टेस्ट बल्लेबाजों की लिस्ट में तीन स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। वो अब टॉप-10 खिलाड़ियों की लिस्ट में पहुंचने के काफी करीब पहुंच गए हैं। इसी मैच में 31 और 63 रन की पारी खेलने वाले पाकिस्तान के सलमान आगा आठ स्थान चढ़कर अपने करियर की बेस्ट रैंकिंग पर पहुंच गए हैं।