Thursday 30-Apr-2026

भारतीय पहलवानों के सामने ओलंपिक कोटा हासिल करने की चुनौती, दो पहलवान दुबई में फंसे

भारतीय पहलवानों के सामने ओलंपिक कोटा हासिल करने की चुनौती, दो पहलवान दुबई में फंसे

भारतीय पहलवान शुक्रवार से शुरू हो रहे एशिया ओलंपिक क्वालीफायर के जरिये पेरिस खेलों का कोटा हासिल करने के लिए जब चुनौती पेश करेंगे तो सभी की नजरें दो बार की ओलंपियन विनेश फोगाट पर होगी। भारत की उम्मीदों को हालांकि दीपक पूनिया (86 किग्रा) और सुजीत कलकल (74 किग्रा) के दुबई एयरपोर्ट पर फंसने से झटका लगा है। इन दोनों के अलावा देश के 15 पहलवान बिश्केक  पहुंच  चुके हैं। इस प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल, महिला और ग्रीको-रोमन में कुल 36 कोटा स्थान दांव पर होंगे । भारतीय पहलवान सिर्फ एक स्पर्धा को छोड़कर सभी भार वर्ग में कोटा हासिल करने की कोशिश करेंगे।

खाड़ी देशों में अब तक हुई सबसे भारी बारिश के कारण दुबई के प्रमुख राजमार्गों और सड़कों पर पानी भरने के अलावा दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक में अव्यवस्था छा गई है। रूसी कोच कमाल मालिकोव और फिजियो शुभम गुप्ता के साथ इन दोनों को फर्श पर सोने के लिए मजबूर होना पड़ा और बारिश से उत्पन्न संकट के कारण उन्हें उचित भोजन भी नहीं मिल पा रहा है। दीपक और सुजीत का वजन शुक्रवार को सुबह आठ बजे होगा जबकि इसी दिन मुकाबले भी हैं।

उन्नीस साल की अंतिम पंघाल ने सर्बिया के बेलग्रेड में 2023 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत कर भारत के लिए महिलाओं के 53 किग्रा में पहले ही कोटा स्थान पक्का कर लिया है। महिला वर्ग में अब विनेश (50 किग्रा), रीतिका हुड्डा (76 किग्रा), मौजूदा अंडर-23 विश्व चैंपियन अंशु (57 किग्रा), मानसी (62 किग्रा) और निशा (68 किग्रा) के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का समय आ गया है। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष  बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ भारतीय पहलवानों के विरोध का प्रमुख चेहरा रही विनेश के प्रदर्शन पर सबसे ज्यादा नजरें रहेंगी।