Saturday 09-May-2026

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात, सिलेंडर पर 100 रुपये छूट की घोषणा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात, सिलेंडर पर 100 रुपये छूट की घोषणा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नारी शक्ति को बधाई दी और इस अवसर पर एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की छूट की घोषणा की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि महिला दिवस के अवसर पर आज हमने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपये की छूट का बड़ा फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि इससे नारी शक्ति का जीवन आसान होने के साथ ही करोड़ों परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा। उन्होंने कहा कि यह कदम पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार बनेगा, जिससे पूरे परिवार का स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा। मोदी ने कहा कि रसोई गैस को और अधिक किफायती बनाकर सरकार का लक्ष्य परिवारों की भलाई और एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना भी है।

पीएम मोदी ने कहा कि यह महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए इज ऑफ लिविंग सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है। इससे पहले, मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई दी, उनकी ताकत, साहस और दृढ़ता को सलाम किया और विभिन्न क्षेत्रों में उनकी उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शिक्षा, उद्यमिता, कृषि, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में पहल के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह पिछले दशक की हमारी उपलब्धियों में भी परिलक्षित होता है।