नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने आतंकवादी संगठन ‘इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया’ (आईएसआईएस) के पुणे मॉड्यूल के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस वांछित आतंकवादी का नाम रिजवान अब्दुल हाजी अली है और वह दिल्ली के दरियागंज का रहने वाला है। माना जा रहा है कि वह 15 अगस्त से पहले किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक रिजवान ISIS पुणे मॉड्यूल से जुड़ा था। रिजवान और इसके कुछ साथियों पर एनआईए ने 3 लाख रुपए का ईनाम घोषित किया था। स्पेशल सेल ने कुछ आतंकियों की गिरफ्तारी पहले की थी। रिजवान कई सालों से फरार चल रहा था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली के कुछ वीआईपी इलाकों की रिजवान ने रेकी की थी।
बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अक्टूबर 2023 में आईएसआईएस पुणे मॉड्यूल के आतंकी शाहनवाज के साथ मोहम्मद अरशद वारसी और रिजवान नाम के संदिग्ध को भी गिरफ्तार किया था। इस मॉड्यूल का एक दूसरा संदिग्ध आतंकी रिजवान फरार चल रहा था, जिसपर एनआईए ने 3 लाख रुपये का इनाम भी रखा था। उसी रिजवान को स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि एनआईए ने आईएसआईएस पुणे मॉड्यूल मामले में 7 लोगों को पकड़ा था। इस दौरान तीन आतंकी फरार हो गए थे।