आम आदमी पार्टी (आप) की वरिष्ठ नेता आतिशी ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली में पार्टी का कार्यालय सभी ओर से सील कर दिया गया है और पार्टी निर्वाचन आयोग के समक्ष इस मामले की शिकायत करेगी। दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने आप कार्यालय को सील करने के आरोप का खंडन किया है। अधिकारी ने कहा कि डीडीयू मार्ग पर लोगों की भीड़ रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, क्योंकि वहां दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली और पंजाब से करीब 500 आप कार्यकर्ता और नेता बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित शहीदी पार्क में एकत्र हुए। पुलिस उपायुक्त (मध्य) एम. हर्षवर्धन ने कहा, इन लोगों ने एक जगह एकत्रित होने के लिए कभी कोई अनुमति नहीं ली थी और वे अचानक डीडीयू मार्ग की ओर बढ़ने लगे। चूंकि डीडीयू मार्ग पर धारा 144 लागू की गई थी, जहां राउज़ एवेन्यू अदालत और कई राजनीतिक दलों के कार्यालय हैं, (इसलिए) हमने उन्हें रोक दिया। हमने 25 लोगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें संक्षिप्त अवधि के बाद रिहा कर दिया गया।
आतिशी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में पार्टी कार्यालय को सील करने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संविधान द्वारा प्रदत्त समान अवसरों के खिलाफ है। दिल्ली की मंत्री ने कहा, लोकसभा चुनाव के दौरान एक राष्ट्रीय पार्टी के कार्यालय को कैसे बंद किया जा सकता है? यह भारतीय संविधान में दिए 'समान अवसर' के खिलाफ है। हम इसके खिलाफ शिकायत करने के लिए निर्वाचन आयोग से वक्त मांग रहे हैं।