Monday 08-Dec-2025

केरल के वायनाड में बड़ा हादसा, भारी बारिश के बीच भूस्खलन ने मचाई तबाही; 63 लोगों की मौत

केरल के वायनाड में बड़ा हादसा, भारी बारिश के बीच भूस्खलन ने मचाई तबाही; 63 लोगों की मौत

वायनाड, इंपैक्ट लाइव टीम।

केरल में वायनाड जिले के वेल्लारीमाला गांव में मंगलवार सुबह दो बड़े भूस्खलन की घटना में 63 लोगों की मौत हो गयी और 70 अन्य घायल हो गये। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक आठ महिलाओं सहित 43 शवों को वायनाड जिले के मेप्पाडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रखा गया है जबकि आठ अन्य शव वायनाड जिले के मेप्पाडी में निजी अस्पताल में रखे गये हैं।

मलप्पुरम जिला पुलिस अधीक्षक एस शशिधरन ने बताया कि पोथुकल में चलियार नदी में तैरते हुए मिले आठ शवों को नीलांबुर के सरकारी जिला अस्पताल में रखा गया है। जिले में पांच स्थानों पर पीड़ितों के कई शवों के अंग भी बरामद किए गए हैं। पीड़ितों को बचाने के लिए आपातकालीन बल और पुलिस ने चलियार नदी में तलाशी अभियान शुरू किया है।

impact add6

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की टीम ने भारी बारिश के बावजूद वायनाड जिले के कलपेट्टा शहर से 08 किलोमीटर दूर चूरलमाला नदी को पार किया और बचाव अभियान चलाया। रक्षा कर्मियों की एक टीम दोपहर करीब दो बजे चूरलमाला पहुंची और वहां फंसे 250 लोगों को बचाने के लिए चूरलमाला और मुंदकई को जोड़ने वाला एक अस्थायी पुल बनाया।

उन्होंने बताया कि मुंदक्कई के पहाड़ी इलाकों में करीब 150 लोग फंसे हुए हैं और करीब 100 लोग एक रिसॉर्ट में फंसे हुए हैं। मलबे से शवों को निकालने के लिए डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है।

केरल के राजस्व मंत्री के. राजन ने बताया कि उनके नेतृत्व में मंत्रियों की पांच सदस्यीय टीम बचाव अभियान का समन्वय करने के लिए वायनाड जा रही है। एक अधिकारी ने बताया कि वायु सेना के दो हेलिकॉप्टर एमएच 17 और एएलएच हवाई दृश्य लेने और प्रभावित लोगों को हवाई मार्ग से ले जाने के लिए सुलूर से रवाना होंगे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें जिले में पहुंच गई हैं। बचाव कार्यों के समन्वय के लिए कोझिकोड कलेक्ट्रेट में एक नियंत्रण कक्ष खोला गया है, जिनके नंबर 9656938689 और 8086010833 हैं तथा वायनाड जिला कलेक्टर और राज्य आपदा प्रबंधन अधिकारी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए हैं।

बता दें कि देर शाम राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई और मंगलवार को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा वायनाड, कोझीकोड, मालापुरम, कन्नूर और कासरगोड के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया।