Saturday 02-May-2026

माफिया मुख्तार अंसारी की मौत, जेल और मेडिकल कॉलेज बना छावनी

माफिया मुख्तार अंसारी की मौत, जेल और मेडिकल कॉलेज बना छावनी

उत्तर प्रदेश के बांदा मंडल कारागार में बंद माफिया मुख्तार अंसारी का गुरुवार रात निधन हो गया। देर शाम उसे दिल का दौरा पड़ा था। आनन-फानन में एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी माौत हो गई। डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी में लगी थी। इससे पहले मुख्तार की सोमवार रात हालत बिगड़ी थी, जिस पर जिला अस्पताल से तीन डॉक्टर बुलाए गए थे। पेट दर्द और फूलने की शिकायत के साथ मोशन नहीं हो रहा था। रात पौने चार बजे उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां 14 घंटे आईसीयू में रखने के बाद मंगलवार शाम सवा छह बजे डिस्चार्ज कर दिया गया था। इसके बाद उसे फिर से जेल में शिफ्ट कर दिया गया था।

बुधवार दोपहर मुख्तार की फिर हालत बिगड़ी तो जिला अस्पताल से डॉक्टर बुलाए गए। एनिमा आदि लगाने के बाद मुख्तार को राहत मिली। गुरुवार दोपहर को मुख्तार को अचानक पेट और सीने में दर्द की शिकायत हुई। इस पर जिला अस्पताल से फिर डॉक्टर बुलाए गए। शाम करीब आठ बजे मुख्तार के सीने में तेज दर्द हुआ और उसकी हालत बिगड़ गई।

जेल और मेडिकल कॉलेज बना छावनी
मुख्तार को हार्ट अटैक की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। बांदा जेल और मेडिकल कॉलेज को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया गया। चुनाव से पहले एरिया डोमिनेशन को बुलाई गई फोर्स को भी मेडिकल कॉलेज में तैनात कर दिया गया है।

एसपी-डीएम सहित आला अफसरों का डेरा
मुख्तार अंसारी की अचानक हालत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल, एसपी अंकुर अग्रवाल सहित जिले के पुलिस-प्रशासनिक आलाधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। डीएम और एसपी लगातार फोन पर उच्चाधिकारियों को पल-पल की जानकारी देते रहे।