Tuesday 20-Jan-2026

प्रयागराज जाने को लेकर रांची स्टेशन पर भारी भीड़।

प्रयागराज जाने को लेकर रांची स्टेशन पर भारी भीड़।

रांची:-  प्रयागराज में महाकुम्भ में जाने को लेकर बिहार उत्तर प्रदेश के अलवा झारखण्ड के अलग अलग स्टेशनों पर भारी भीड़ दिख रही है। ट्रेन में सीट मिलने को लेकर अफरा तफरी का माहौल है। हटिया, रांची के अलावा अन्य स्टेशनों पर भी यात्रियों के भीड़ के कारण प्लेटफॉर्म पर पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। विभिन्न जगह से चलने वालीं ट्रेनें जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज या उसके आस पास के जगह से गुजर रहीं हैं, वैसी ट्रेनें लगातार विलम्ब से चल रहीं हैं। रांची से भी रवाना होने वालीं ट्रेनें जो प्रयागराज होकर जाने वालीं हैं वो भी विलम्ब से प्रस्थान कर रहीं हैं। महाकुम्भ में जाने को लेकर पिछले कई दिनों से रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गयी है। यूपी जानेवाली ट्रेनें अपनी क्षमता से अधिक भार के साथ चल रहीं हैं। यात्री शौचालय में यात्रा करने को विवश हैं, यहाँ तक भी यात्री गेट पर खड़े होकर और लटक कर यात्रा करने को विवश हैं। ट्रेनों में भीड़ इस कदर बढ़ गयी है की यात्री अनारक्षित टिकट के साथ आरक्षित बोगी में भी प्रवेश करके यात्रा कर रहें हैं जिससे आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को काफी तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को दोपहर को ट्रेन संख्या 12817 (झारखण्ड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस) हटिया से ही पूरी भरी हुई आयी। ट्रेन के जनरल, स्लीपर और एसी बोगियों में भी भारी भीड़ थी। यात्रियों ने स्लीपर और एसी बोगियों में भी बिना टिकट कब्ज़ा कर रखा था जिससे यात्रियों को काफी तकलीफ का सामना करना पड़ा। ट्रेन जैसे ही रांची पहुंची तो ट्रेन में सवार यात्रियों ने दरवाजा नहीं खोला जिससे पूरे स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। प्लेटफार्म पर खड़े यात्री ट्रेन में सवार यात्रियों से बोगी का दरवाजा खोलने के लिए अनुरोध करते नजर आये, बावजूद इसके ट्रेन में सवार यात्रियों ने दरवाजा नहीं खोला।

आरपीएफ के जवान भी इतनी भारी संख्या में यात्रियों की भीड़ देखकर बेबस दिखाई दिए। आरपीएफ के जवान भी एक दो बार बोगी में घुसने का प्रयास किया लेकिन भारी भीड़ के कारण उनका प्रयास असफल रहा। कुछ यात्री अपनी सीट तक पहुँचने के लिए ट्रेन के अलग अलग बोगी में घुस गए, इसी क्रम में भीड़ ज्यादा होने के कारण कुछ लोग बेहोश होने लगे। दिल्ली से रांची आये 18 लोग जिन्हें वापस दिल्ली जाना था वो लोग ट्रेन में सवार नहीं हो पाए। उन 18 लोगों में 5 महिलाएं अत्यधिक भीड़ के कारण वहीं पर बेहोश हो गयीं, जिन्हें वहां मौजूद उनके साथी व अन्य लोगों द्वारा उनके मुँह पर पानी का छिड़काव करके उन्हें होश में लाया गया और भीड़ से अलग किया गया। रांची स्टेशन पर इतना हंगामा होने के बाद 60 से अधिक यात्री स्टेशन मास्टर के कार्यालय पहुंच कर इस चीज का विरोध किया और रांची से दिल्ली तक जानेवाली राजधानी एक्सप्रेस में यात्रा करने की मांग की और फिर राजधानी में अतिरिक्त बोगी जोड़ने की मांग की जिससे वो लोग दिल्ली जा सके। इस मामले में स्टेशन मास्टर का कहना हैं की वो राजधानी में यात्रा करने की अनुमति या अतिरिक्त बोगी जोड़ने के मामले में कुछ नहीं कर सकते हैं।वहीं, यात्री प्रदीप कुमार का कहना है की उनके साथ 18 यात्रियों का दल है जो दिल्ली से रांची आया था और अब उन सबको वापस दिल्ली जाना था लेकिन बोगी का दरवाजा नहीं खुलने के कारण वो लोग ट्रेन में सवार नहीं हो सके और इसमें प्लेटफार्म पर मौजूद आरपीएफ के जवानों ने भी उनकी कोई मदद नहीं की,यात्री रूही वर्मा व श्री वर्मा का कहना है की उनके भाई और उनकी माँ ट्रेन में सवार हो गये लेकिन भीड़ ज्यादा होने कारण वो नहीं चढ़ सकीं। उनके माँ और भाई का फ़ोन भी इन्हीं के पास रह गया जिसके कारण उनका संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।रांची रेल मण्डल के डीआरएम जसमित सिंह बिंद्रा का कहना है की प्रयागराज में महाकुम्भ को लेकर ट्रेनों में काफी भीड़ है। अत्यधिक भीड़ के कारण ही स्वर्ण जयंती के यात्रियो की ट्रेन छूटी है और उनके टिकट के पैसे उन्हें रिफंड कर दिया जायेगा। उन्होंने दक्षिण- पूर्व मुख्यालय को पत्र लिखकर 19 फरवरी को कुम्भ स्पेशल ट्रेन चलाने की अनुमति मांगी है। उन्होंने कहा की यात्रियों की भीड़ को देखते हुए और उनकी सहूलियत के लिए आरपीएफ के कमांडेंट को दिशा निर्देश दिए गए हैं। वह खुद भी रांची और हटिया स्टेशन पर लगे सीसीटीवी से लगातार निगरानी कर रहे हैं।