Saturday 09-May-2026

मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है पाक की गोली का जवाब तोप के गोले से देना: अमित शाह

मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मतलब है पाक की गोली का जवाब तोप के गोले से देना: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मतलब पाकिस्तान से चलने वाली हर गोली का जवाब तोप के गोले से देना है। शाह ने कांग्रेस पर पड़ोसी देश के एजेंडा को आगे बढ़ाने का आरोप लगाया। अमित शाह केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार राव साहेब दानवे के लिए मध्य महाराष्ट्र के जालना लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

शाह ने कहा, नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मतलब पाकिस्तान से चलाई जाने वाली हर गोली का जवाब तोप के गोले से देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में, यह निर्णय लिया गया है कि चुनाव के बाद प्रधानमंत्री कौन होगा, लेकिन विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन में इस मुद्दे पर फैसला लिया जाना बाकी है। शाह ने कहा, उनके नेताओं का कहना है कि वे एक-एक कर प्रधानमंत्री बनेंगे। लेकिन इस तरह के विशाल देश को एक साझेदारी वाली कंपनी की तरह नहीं चलाया जा सकता। उनके पास कोई दृष्टि नहीं है। लेकिन मोदी ने 10 साल काम किया है और उनके पास 25 वर्षों का एजेंडा है।

अमित शाह ने यह आरोप भी लगाया कि यदि कोई पाकिस्तान का एजेंडा आगे बढ़ाता है तो वह राहुल गांधी की कांग्रेस पार्टी है। गृह मंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने (पाकिस्तान के खिलाफ) सर्जिकल स्ट्राइक और हवाई हमले किए। मोदी ने नक्सलवाद को खत्म किया, लेकिन राहुल इसपर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नीत विपक्ष नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) रद्द करने के बारे में बात कर रहा है, और यदि यह सत्ता में आ गया तो (अयोध्या के राम मंदिर पर बाबरी नाम का ताला लगाने का पाप करेगा।