Saturday 09-May-2026

सीएए से किसी भारतीय की नागरिकता नहीं जाएगी, राहुल, खरगे, ओवैसी झूठ बोल रहे : अमित शाह

सीएए से किसी भारतीय की नागरिकता नहीं जाएगी, राहुल, खरगे, ओवैसी झूठ बोल रहे : अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) के जरिये हिंदू, बौद्ध, सिख और जैन शरणार्थियों को नागरिकता देकर सम्मानित किया है। शाह ने दोहराया कि नये कानून में किसी की भी नागरिकता छीनने का कोई प्रावधान नहीं है।

कांग्रेस और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) पर निशाना साधते हुए शाह ने यहां एक जनसभा में कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और हैदराबाद से लोकसभा सदस्य असदुद्दीन ओवैसी झूठ बोल रहे हैं कि सीएए लागू होने से देश में अल्पसंख्यकों की नागरिकता छीन ली जाएगी।

भाजपा सोशल मीडिया स्वयंसेवकों की एक बैठक को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने तुष्टिकरण और वोट-बैंक की राजनीति के कारण सीएए का विरोध किया। शाह ने सीएए लागू करने को जायज ठहराते हुए कहा कि हमने कहा था कि हम सीएए लाएंगे। कांग्रेस पार्टी ने सीएए का विरोध किया।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस और हमारे संविधान निर्माताओं का यह वादा था कि बांग्लादेश, अफगानिस्तान और पाकिस्तान में धार्मिक आधार पर सताये गए लोगों को भारत आने पर नागरिकता प्रदान की जाएगी, लेकिन तुष्टिकरण और वोट-बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस पार्टी ने सीएए का विरोध किया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश से लाखों-करोड़ों लोग अपनी आस्था और सम्मान को बचाने के लिए भारत आए, लेकिन उन्हें नागरिकता नहीं दी गई। शाह ने कहा, '' नागरिकता नहीं मिलने से उन्होंने अपने देश में खुद को अपमानित महसूस किया।

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीएए के जरिए हिंदू, बौद्ध, जैन और सिख शरणार्थियों को नागरिकता देकर उनका सम्मान किया है। बाद में भाजपा के बूथ कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करते हुए शाह ने सीएए को लेकर अफवाह फैला रहे लोगों पर निशाना साधते हुए कहा कि यह कानून नागरिकता प्रदान करता है, छीनता नहीं है।

अमित शाह ने एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी व पार्टी अध्यक्ष खरगे की आलोचना की और कहा कि वे (विपक्षी नेता) झूठ बोल रहे हैं कि सीएए के कारण अल्पसंख्यकों की नागरिकता चली जाएगी। शाह ने विपक्षी नेताओं पर इस मुद्दे को लेकर वोट-बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।