Saturday 09-May-2026

देश में कोई स्टार्टअप नहीं बचा है, राहुल गांधी का दावा; कहा- देश में 30 लाख सरकारी पद खाली

देश में कोई स्टार्टअप नहीं बचा है, राहुल गांधी का दावा; कहा- देश में 30 लाख सरकारी पद खाली

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि देश में कोई स्टार्टअप नहीं बचा है और जो अस्तित्व में हैं वे भी विदेशी कंपनियों के नियंत्रण में हैं। अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान गोधरा रेलवे स्टेशन के सामने एक मुस्लिम बहुल इलाके में जनसभा को संबोधित करते हुए, राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी सरकार की 'स्टार्टअप इंडिया' पहल की आलोचना की और कांग्रेस के सत्ता में आने पर इस क्षेत्र को वित्त पोषित करने के लिए 5,000 करोड़ रुपये निर्धारित करने का वादा किया।

कांग्रेस नेता ने कहा कि क्या आपने कोई स्टार्टअप देखा है? क्या अब कहीं स्टार्टअप दिखते हैं? एक भी (स्टार्टअप) अस्तित्व में नहीं है। और जो अस्तित्व में हैं वे विदेशी कंपनियों के नियंत्रण में हैं। हम 5000 करोड़ रुपये का कोष बनाएंगे ताकि गरीब किसानों और मजदूरों के बेटे अपने स्टार्टअप शुरू कर सकें। उन्होंने कहा कि 30 लाख सरकारी पद खाली हैं और सत्ता में आने पर कांग्रेस उन्हें भरेगी।

राहुल गांधी ने दावा किया कि केंद्र ने बड़े कॉरपोरेट घरानों के 16 लाख करोड़ रुपये के ऋण माफ कर दिए हैं, लेकिन किसानों, छात्रों और मजदूरों को ऐसी ही राहत देने के लिए तैयार नहीं है। इससे पहले दिन में, राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के गुजरात चरण के दूसरे दिन दाहोद शहर से अपनी यात्रा फिर से शुरू की और यह यात्रा पड़ोसी पंचमहल जिले में गोधरा पहुंची।

राहुल गांधी की यात्रा ने बृहस्पतिवार को राजस्थान से गुजरात में प्रवेश किया था। दाहोद जिले के झालोड शहर में लोगों को संबाधित करने के बाद उन्होंने इलाके के एक गांव में रात्रि विश्राम किया था। उन्होंने शुक्रवार सुबह झालोड के समीप कम्बोई धाम में आदिवासियों के पूज्य गुरु गोविंद गुरु के दर्शन किए।