पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पूरे देश को डिटेंशन कैंप बनाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि अगर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' सत्ता में आता है तो संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) को खत्म कर दिया जाएगा। असम में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के चार उम्मीदवारों के समर्थन में यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि अगर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटते हैं तो देश में ''लोकतंत्र नहीं बचेगा और चुनाव नहीं होंगे।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया, उन्होंने (भाजपा) पूरे देश को डिटेंशन कैंप बना दिया है...ये चुनाव बहुत खतरनाक हैं। मैंने अपने जीवन में इतना खतरनाक चुनाव कभी नहीं देखा। ममता बनर्जी ने दावा किया कि जब वह एनआरसी को लेकर दोनों राज्यों (असम-पश्चिम बंगाल) के बंगाली लोगों के समर्थन में पश्चिम बंगाल में आंदोलन कर रही थीं तो असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पुलिस में कई मामले दर्ज कराए। उन्होंने कहा कि मेरी गलती क्या थी? क्या आप मुझे जेल भेजेंगे, मार डालेंगे या डिटेंशन कैंप में डाल देंगे? जब एनआरसी से बाहर किए गए 19 लाख लोगों में 17 लाख बंगाली असमिया थे, तो मैं लोगों के लिए आंदोलन कर रही थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी टीएमसी सभी धर्मों से प्यार करती है और नहीं चाहती कि धार्मिक आधार पर लोगों के बीच भेदभाव हो। उन्होंने कहा, अगर 'इंडिया' गठबंधन जीतता है, तो एनआरसी, सीएए और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू नहीं होगी। हम सभी भेदभावपूर्ण कानूनों को रद्द कर देंगे। रैली में ममता बनर्जी ने कहा, अगर मोदी दोबारा जीते, तो लोकतंत्र नहीं रहेगा और कोई चुनाव नहीं होगा। पूरा देश बेच दिया जाएगा।