Sunday 03-May-2026

ओम बिरला बने 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई

ओम बिरला बने 18वीं लोकसभा के अध्यक्ष, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी बधाई

लोकसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार ओम बिरला 18वींलोकसभा के अध्यक्ष चुने गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन की कार्यवाही शुरू होती ही ओम बिरला को लोकसभा का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पेश किया जिसका भाजपा नेता तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने समर्थन किया। उसके बाद गठबंधन के विभिन्न दलों के नेताओं ने श्री बिरला को अध्यक्ष बनाए जाने के प्रस्ताव का समर्थन किया। विपक्षी इंडिया गठबंधन की तरफ से कांग्रेस नेता के सुरेश के नाम का प्रस्ताव अध्यक्ष पद के लिए आया जिसका तारिक़ अनवर ने समर्थन किया।

प्रोटेम स्पीकर भतृहरि महताब ने दोनों प्रस्ताव सदन के सामने रखें और ओम बिरला को सदन का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। बाद में पीएम मोदी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ओम बिरला को अध्यक्ष के आसान तक ले गये और उन्होंने 18वीं लोकसभा की अध्यक्षता शुरू कर दी। ओम बिरला पिछले लोकसभा में भी सदन के अध्यक्ष थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के चुनाव पर कहा कि आपकी मधुर मुस्कान पूरे सदन को खुश रखती है। पीएम मोदी ने कहा कि सांसद के रूप में बिरला का काम नए लोकसभा सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत होना चाहिए। वहीं ओम बिरला के लोकसभा अध्यक्ष चुने जाने पर राहुल गांधी ने कहा कि पूरे विपक्ष और भारत गठबंधन की ओर से आपको बधाई। सरकार के पास राजनीतिक शक्ति हो सकती है, लेकिन विपक्ष भी लोगों की आवाज का प्रतिनिधित्व करता है। राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को बधाई देने के बाद कहा कि विपक्ष आपके काम में आपकी सहायता करना चाहता है। मुझे विश्वास है कि आप हमें सदन में बोलने की अनुमति देंगे। राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से कहा कि विपक्ष को बोलने की अनुमति देकर आप भारत के संविधान की रक्षा करने का अपना कर्तव्य निभाएंगे।