Saturday 09-May-2026

विपक्ष ने नीतीश कुमार पर बोला अटैक, कहा- जनता देगी जवाब

विपक्ष ने नीतीश कुमार पर बोला अटैक, कहा- जनता देगी जवाब

कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और 'इंडिया' गठबंधन की अन्य पार्टियों ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी गठबंधन से ''विश्वासघात'' करने के लिए आलोचना की। कुछ विपक्षी दलों ने उन्हें बार-बार पाला बदलने के लिए 'गिरगिट' और 'पलटू राम'' तक करार दिया। नीतीश कुमार ने रविवार को राजद और कांग्रेस के 'महागठबंधन' से नाता तोड़कर कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ मिलकर सरकार बना ली।

विपक्षी पार्टियों ने चेतावनी दी कि बिहार के लोग नीतीश कुमार और भाजपा को ''करारा जवाब'' देंगे। नीतीश नीत पूर्ववर्ती सरकार में उप मुख्यमंत्री रहे एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने यहां तक कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) ''लोकसभा चुनाव में समाप्त'' होने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा ने हालांकि कहा कि नीतीश कुमार के साथ उसका गठबंधन ''स्वाभाविक'' था। पार्टी ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ''डबल इंजन सरकार'' से बिहार को फायदा होगा। पार्टी नेताओं ने यह भी दावा किया कि 'इंडिया' गठबंधन बिखर जाएगा क्योंकि उसका ''कोई वैचारिक आधार नहीं है''।

कांग्रेस, राजद, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक),झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो), तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने कुमार पर उस समय हमला बोला, जब उनके भाजपा से अलग होने और गठन के 18 महीने से भी कम समय बाद 'इंडिया' गठबंधन को झटका दिया और बिहार की 'महागठबंधन' सरकार से अलग हो गए। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और ''पाला बदलने'' के लिए नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए उन्हें ''विश्वासघात करने में माहिर'' करार दिया है।

उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन 'इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' ('इंडिया') बनाने में अहम भूमिका निभाने वाला ही उसे 'धोखा देकर' भाजपा-नीत राजग में शामिल हो रहा है। जद (यू) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और कहा कि उन्हें 'इंडिया' और 'महागठबंधन' में ''चीजें ठीक नहीं लग रही थीं'', इसलिए उन्होंने भाजपा के साथ नया गठबंधन और नयी सरकार बनाने का निर्णय लिया।

रमेश ने टिप्पणी की कि राजनीतिक रंग बदलने की कुमार की प्रवृत्ति 'गिरगिट' को भी मात देती है। उन्होंने कहा कि बिहार में राजनीतिक उथल-पुथल सोमवार को राज्य में प्रवेश करने वाली 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' से ध्यान भटकाने की एक रणनीति है। रमेश ने उन दावों को खारिज कर दिया कि कुमार के बाहर निकलने से विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' कमजोर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे गठबंधन केवल मजबूत होगा, जैसा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भी कहा है।