Friday 05-Dec-2025

पेरिस ओलंपिक 2024: जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने भारत को दिलाया पहला सिल्वर मेडल, गोल्ड पाकिस्तान के अशरफ नदीम के हिस्से

पेरिस ओलंपिक 2024: जेवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने भारत को दिलाया पहला सिल्वर मेडल, गोल्ड पाकिस्तान के अशरफ नदीम के हिस्से

नई दिल्ली, इंपैक्ट लाइव टीम।

भारत की स्वर्ण पदक की सबसे बड़ी उम्मीद गत चैम्पियन नीरज चोपड़ा पेरिस ओलंपिक की भालाफेंक स्पर्धा में रजत पदक जीतकर लगातार दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय ट्रैक और फील्ड खिलाड़ी बन गए लेकिन पाकिस्तान के अरशद नदीम ने ओलंपिक में नये रिकॉर्ड के साथ बाजी मार ली। 26 वर्ष के नीरज का दूसरा थ्रो ही उनका एकमात्र वैध थ्रो रहा जिसमें उन्होंने 89.45 मीटर फेंका जो इस सत्र का उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो था। यह 2024 ओलंपिक्स में भारत का पांचवां मेडल है, इससे पहले भारत 4 ब्रॉन्ज मेडल जीत चुका है। नीरज चोपड़ा ने तोक्यो में 87.58 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल तमगा जीता था।

नीरज चोपड़ा का पहला प्रयास असफल रहा था, लेकिन उन्होंने दूसरे ही प्रयास में 89.45 मीटर दूर भाला फेंक कर सीजन का बेस्ट थ्रो किया। इससे पहले 2024 सीजन में उनका बेस्ट थ्रो 89.34 मीटर था, जो उन्होंने पेरिस ओलंपिक्स 2024 के ही क्वालीफिकेशन राउंड में हासिल किया था। नीरज को 6 प्रयास मिले, जिनमें से पांच खाली रहे। नीरज के चेहरे पर गोल्ड मेडल ना जीत पाने की निराशा साफ दिखी। फिर भी नीरज ने भारतीय एथलीट और युवाओं के लिए नए मानक तय कर दिए हैं।

impact add5

नीरज अब आजाद भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 2 ओलंपिक मेडल जीतने वाले केवल चौथे एथलीट बन गए हैं। उनसे पहले सुशील कुमार, पीवी सिंधु और मनु भाकर दो-दो ओलंपिक मेडल जीत चुके हैं। इससे पहले नीरज ने 2020 टोक्यो ओलंपिक्स में गोल्ड मेडल जीता था।

पेरिस ओलंपिक्स 2024 के फाइनल में पाकिस्तान के अरशद नदीम ने सबको चौंका दिया। नीरज चोपड़ा की तरह उनका भी पहला प्रयास खाली रहा था, लेकिन दूसरे ही प्रयास में उन्होंने 92.97 मीटर दूर भाला फेंक कर ओलंपिक रिकॉर्ड कायम किया। उनसे पहले जेवलिन थ्रो का ओलंपिक रिकॉर्ड नॉर्वे के एंड्रियास थोर्डकिल्सन के नाम था, जिन्होंने 2008 बीजिंग ओलंपिक्स में 90.57 मीटर दूर भाला फेंका था। अरशद नदीम का आखिरी थ्रो भी 90 मीटर से ऊपर रहा, जो 91.79 मीटर दूर जाकर गिरा।