Wednesday 29-Apr-2026

बिहार में पहली नमो भारत ट्रेन: पटना से मुजफ्फरपुर के बीच जल्द होगी शुरू |

बिहार में पहली नमो भारत ट्रेन: पटना से मुजफ्फरपुर के बीच जल्द होगी शुरू |

पटना :-बिहारवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। जल्द ही राज्य को उसकी पहली नमो भारत ट्रेन मिलने जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेतिया में छावनी रेल ओवरब्रिज के लोकार्पण के दौरान इस बात की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पटना और मुजफ्फरपुर के बीच नमो भारत ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। अगले पांच वर्षों में बिहार के रेलवे का पूरा रूप बदलने वाला है। राज्य में 95 हजार करोड़ रुपए की लागत से रेलवे सुविधाओं का विकास होगा।

बेतिया रेलवे स्टेशन को भी अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है। इसका निर्माण बेतिया राज की ऐतिहासिक विरासत को ध्यान में रखकर किया जाएगा। वहीं, रक्सौल जंक्शन का पुनर्निर्माण नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर किया जाएगा, क्योंकि यह स्टेशन बिहार और नेपाल को जोड़ता है।

रेल मंत्री ने यह भी बताया कि 4553 करोड़ रुपए की लागत से नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा रेल लाइन का दोहरीकरण किया जा रहा है। इस अपग्रेडेशन के बाद इस क्षेत्र में अमृत भारत, वंदे भारत और नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें चलने लगेंगी।

इसके अलावा, उन्होंने गोरखपुर से पटना के बीच नई वंदे भारत ट्रेन चलाने की भी घोषणा की। यह ट्रेन इसी साल शुरू होने की संभावना है, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को लाभ मिलेगा।