प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि इंडिया गठबंधन के घटक दलों ने हार स्वीकार कर ली है, लेकिन उनका इरादा तमिलनाडु को लूटने का है। पीएम मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. अन्नामलाई की राज्यव्यापी यात्रा के समापन समारोह को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि पिछले 10 वर्षों के दौरान, केंद्र ने तमिलनाडु को पहले की तुलना में अधिक धनराशि दी है। मोदी का पहले की तुलना से आशय परोक्ष तौर पर केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के शासन काल से था।
पीएम मोदी ने सबका साथ, सबका विकास का नारा लगाकर सबके विकास का संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि जब मोदी काम करता है, तो वह सभी के लिए काम करता है। पीएम मोदी ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन का कोई भी घटक दल विकास या शिक्षा के बारे में नहीं बोलता, वे केवल अपने परिवारों के बारे में चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एमजीआर ने वंशवाद की राजनीति नहीं की और द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) की वंशवाद की राजनीति को रामचंद्रन का अपमान बताया, जिन्हें तमिलनाडु के लोग आज भी उनके काम के लिए याद करते हैं। उन्होंने कहा कि एमजीआर ने प्रतिभा के आधार पर लोगों को बढ़ावा दिया, न कि परिवार के आधार पर। मोदी ने कहा कि एमजीआर के बाद अगर कोई था, तो वह अम्मा जयललिता जी थीं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन लोगों के कल्याण के लिए लगा दिया।